Uttarakhand News 14 Sep 2026: उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू के 31 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद मरीजों की संख्या बढ़कर 484 हो गई है। इनमें से 84 मरीज अभी भी सक्रिय हैं। इन मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी हुई है। 24 घंटे में 31 नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आ गई है।

रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को अलग-अलग जिलों में सक्रिय कर दिया गया है। एक दिन में सामने आए 31 नए मामलों में 23 देहरादून जिले के हैं। इसके अलावा 484 मामलों में भी अधिकतर देहरादून के ही हैं। ऐसे में देहरादून के निजी और सरकारी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

इस पर देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में स्वाइन फ्लू की चेन को ब्रेक करने की दिशा में काम किया जा रहा है। जहां से भी मरीज सामने आ रहे हैं। विभाग की टीमें ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री निकाल रही हैं। मरीज के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है।

कोरोना और डेंगू के भी दो-दो मामले
स्वाइन फ्लू के साथ ही कोरोना और डेंगू के मरीज भी स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा रहे हैं। देहरादून में रविवार को कोरोना और डेंगू के दो-दो मरीज सामने आए हैं। अब कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है। इसमें 4 मरीज अब भी सक्रिय है। इसके अलावा डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 162 हो गई है। इसमें से 22 मरीज अब भी सक्रिय हैं। सक्रिय मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इसके अलावा कोरोना और डेंगू के मामलों की भी निगरानी की जा रही है।