Uttarakhand News 21 Sep 2026: तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार देर शाम गणेश मंदिर के पास एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना है। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ और आपदा मित्र की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। सर्च टीमों ने रात भर महिला की खोजबीन की मगर महिला का सुराख नहीं मिल पाया। रात अधिक होने के कारण अभियान रात में रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह से फिर से खोजबीन शुरू हो गई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार देर शाम गणेश मंदिर के पास महिला के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। जानकारी शाम करीब 6:21 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मिली।
जिसके बाद शीघ्र मौके पर रेस्क्यू टीमों को रवाना किया गया। खाई काफी गहरी होने के कारण एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि, डीडीआरएफ ऊखीमठ, आपदा मित्र और पुलिस बल को भी सर्च एवं रेस्क्यू के लिए लगाया गया। टीमों ने देर रात तक महिला की तलाश में अभियान चलाया।
उन्होंने बताया कि रात अधिक होने के कारण करीब 12:30 बजे सर्च अभियान रोक दिया गया। सोमवार सुबह फिर से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा। महिला की पहचान और उसके संबंध में अन्य जानकारी अभी प्राप्त नहीं हो सकी है।










