Uttarakhand News 28 Nov 2026: देहरादून। मसूरी रोड स्थित बोर्डिंग स्कूल में रहकर पढ़ाई कर रहे गाजियाबाद के नौ साल के बच्चे के साथ अश्लील हरकत करने और उसे डराने-धमकाने के मामले में पोक्सो कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट (पोक्सो) मंजु सिंह मुंडे की अदालत ने हास्टल वार्डन हरीश को दोषी करार देते हुए पांच साल के साधारण कारावास की सजा सुनाई है।
वहीं, हास्टल में कुक का काम करने वाले रघु को मारपीट के मामले में दोषी ठहराते हुए एक हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया है। अदालत ने पीड़ित बच्चे को एक लाख रुपये प्रतिकर देने के भी आदेश दिए हैं।
रायपुर थाना क्षेत्र के एक स्कूल और उससे जुड़े हास्टल मामला
मामला रायपुर थाना क्षेत्र के एक स्कूल और उससे जुड़े हास्टल का है। सहायक जिला शासकीय अधिकारी किशोर कुमार के अनुसार, वर्ष 2020 में नौ साल का बच्चा हास्टल में रहकर पांचवीं कक्षा में पढ़ाई करता था। आरोप था कि हास्टल वार्डन हरीश उसके साथ अश्लील हरकत करता था।
इतना ही नहीं, बच्चे को डराया-धमकाया जाता था और उससे कमरे की सफाई व झाड़ू-पोछा भी करवाया जाता था। बच्चे ने अपनी मां को बताया था कि वार्डन उसे किसी को कुछ बताने पर बेचने की धमकी देता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। हास्टल में कुक का काम करने वाले रघु पर भी बच्चे के साथ मारपीट करने का आरोप था।
अभियोजन के मुताबिक, कोरोना संक्रमण के दौरान लाकडाउन में अधिकांश बच्चे अपने घर चले गए थे, लेकिन पीड़ित बच्चा हास्टल में ही रह गया था। इसी दौरान उसके साथ घटनाएं हुईं। बच्चे की मां ने स्कूल प्रबंधन को शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर छह जून 2020 को रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। इस मामले में एक आरोपित की ट्रायल के दौरान मृत्यु हो गई थी।
छह गवाहों की गवाही बनी अहम आधार
मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कुल छह गवाह पेश किए। इनमें पीड़ित की मां, पीड़ित बच्चा, चिकित्सक, पुलिसकर्मी, विवेचक और स्कूल का लिपिक शामिल थे। अदालत में बच्चे ने भी अपने साथ हुई घटनाओं के संबंध में बयान दिए।
मेडिकल रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों को भी अदालत ने महत्वपूर्ण माना। बचाव पक्ष ने स्कूल फीस के विवाद और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं होने सहित कई तर्क रखे, लेकिन अदालत ने इन्हें दोषमुक्ति का आधार नहीं माना।









