Uttarakhand News 09 May 2026: पंचकेदार में द्वितीय भगवान मध्यमेश्वर धाम के कपाट 21 मई को खोले जाएंगे।
इससे पूर्व, 19 मई को शीतकालीन प्रवास स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से बाबा की चल विग्रह उत्सव डोली मध्यमेश्वर के लिए प्रस्थान करेगी। कपाट खोलने के लिए श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
तैयारियां शुरू
प्रथम केदार भगवान केदारनाथ और तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद अब द्वितीय केदार मध्यमेश्वर धाम के कपाट खोलने के लिए तैयारियां शुरू हो गई है। इसी क्रम में 17 मई को बाबा की चल विग्रह उत्सव मूर्ति को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर के गर्भगृह से बाहर लाकर सभामंडप में विराजमान किया जाएगा।
मंदिर समिति के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण ने बताया कि 19 मई को डोली ओंकारेश्वर मंदिर से मध्यमेश्वर के लिए प्रस्थान करेगी और डंगवाड़ी, ब्राह्मणखोली, मंगोलचारी, मनसूना, राऊलैंक, उनियाणा जैसे विभिन्न पड़ावों से होते हुए राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंचेगी।
20 मई को डोली गौंडार गांव और 21 मई को बनातोली, खटारा, नानौ, मैखम्भा व कूनचट्टी होते हुए मध्यमेश्वर धाम पहुंचेगी और इसी दिन कर्क लग्न में मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे।










