Uttarakhand News 31 July 2026: नैनीताल के मल्लीताल न्यू पालिका बाजार शुक्रवार तड़के एक बड़े हादसे का गवाह बनने से बाल-बाल बच गया। सुबह करीब पांच बजे फास्ट फूड की एक दुकान में लगी आग कुछ ही मिनटों में विकराल हो गई। आग के बीच गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। यदि समय रहते कर्मचारियों को बाहर नहीं निकाला जाता और दमकल टीम मौके पर नहीं पहुंचती, तो आग पूरी बाजार को अपनी चपेट में ले सकती थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह पांच बजे दुकान में धुंआ उठा। इस दौरान दुकान से धुआं उठता देख अंदर सो रहे कर्मचारी घबरा गए और पीछे की खिड़की से तिब्बती बाजार की ओर निकलकर अपनी जान बचाई। कर्मचारियों के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद दुकान में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई। आग की लपटों ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फास्ट फूड की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। आग बुझाने के दौरान दुकान का कर्मचारी साहिल घायल हो गया, जिसे बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यू पालिका बाजार में एक-दूसरे से सटी दुकानें होने और कई दुकानों में गैस सिलेंडर व ज्वलनशील सामान रखा होने के कारण यह घटना बेहद गंभीर थी। यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती, तो पूरी बाजार इसकी चपेट में आ सकती थी और बड़ा आर्थिक नुकसान होने के साथ जनहानि की भी आशंका थी। इस घटना ने बाजारों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और नियमित विद्युत जांच की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया।