Uttarakhand News 02 May 2026: दिनेशपुर। साइबर ठगी के आरोप से जुड़े एक मामले में दिल्ली पुलिस की टीम ने कई गांव में दबिश देकर पांच युवकों को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद पूछताछ हेतु उन्हें दिल्ली ले गयी।

आरोप है कि साइबर ठगी मामले में उनके खाते में रुपयों का आगमन हुआ है। उधर गिरफ्तारी के बाद स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है। वह इधर उधर भटकते नज़र आ रहे हैं।

म्यूल अकाउंट से पैसा अपने खाते में लिया
शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली थाना पुलिस के एसआई नरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाने पहुंचकर आमद दर्ज कराई। जिसके बाद वह निकटवर्ती गांव सुंदरपुर पहुंची और वहां से समीर बछाड़ पुत्र सुखलाल बछाड़ को हिरासत में लिया।

जिसके बाद टीम विजयनगर गांव पहुंची और राज बछाड़ पुत्र रामप्रसाद के साथ ही मोहनपुर निवासी रोहित मिस्त्री पुत्र सुरंजन मिस्त्री, हरीश सरकार पुत्र पूनम सरकार, वार्ड 9 निवासी रोहित राय पुत्र विप्लव राय को हिरासत में लेकर थाने पहुंची।

सभी पर आरोप है कि साइबर ठगी में उन्होंने म्यूल अकाउंट के माध्यम से पैसा अपने खाते में लिया है बाद में दिल्ली पुलिस सभी को अपने साथ लेकर दिल्ली रवाना हो गयी।

क्षेत्र में फैली हैं म्यूल अकाउंट की जड़े
दिनेशपुर : जल्द अमीर बनने की चाह में क्षेत्र के युवक शॉर्टकट तरीका अपना रहे हैं। इसी के चलते वह साइबर ठगों के मकड़जाल में फंसते चले जा रहे हैं। अपना बैंक खाता किराए पर दे रहे है। और यहीं से शुरू हो रहा है उनके अपराधी बनने का रास्ता। क्षेत्र में यह मकड़जाल अपनी जड़े फैला चुका है।

एक के बाद एक दर्जनों मामले प्रकाश में आ रहे हैं। जिसमें कई युवकों को बाहरी पुलिस हिरासत में ले चुकी है। यही नहीं ग्रामीण क्षेत्र में इनकी जड़े ज्यादा फैली हुई हैं। सूत्रों की मानें तो भारी संख्या में घरेलू महिलाएं भी इन साइबर ठगों के झांसे में आकर अपना खाता इनको किराए पर दे रहीं हैं । जिनमें साइबर ठगी की भारी भरकम रकम खाते में जमा होती है।

जमा राशि को ठगों के मास्टरमाइंड अन्य खाते में ट्रांसफर कर लेते हैं । और उनका कमीशन उनके खाते में रहने दिया जाता है। इसी समस्या को मद्देनजर जिले के पुलिस कप्तान ने संज्ञान लिया और ऐसे म्यूल अकाउंट पर पैनी नज़र बना रखी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील कर इस तरह की गतिविधियों से सावधान रहने की अपील भी की है। उसके बावजूद लोग इन साइबर ठगों के मकड़जाल में फंस रहे हैं ।