Uttarakhand News 24 April 2026: प्रदेश के विकास के मोर्चे पर निरंतरता, सहज व सरलता से संवाद एवं जन समस्याओं के त्वरित निदान की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली ने भाजपा हाईकमान को भी उनका मुरीद बना दिया है।

हाईकमान के इसी भरोसे के बूते धामी प्रदेश में राजनीतिक स्थायित्व की आधार भूमि तैयार करने में सफल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बाद अब भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी उत्तराखंड में धामी के नेतृत्व को सराहा, साथ में यह स्पष्ट किया कि वह अगले विधानसभा चुनाव में भी पार्टी के खेवनहार होंगे।

ट्रेक रिकॉर्ड देखती पार्टी
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक टीवी चैनल में साक्षात्कार के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति पार्टी के विश्वास को खुले तौर पर प्रदर्शित किया। उत्तराखंड में पार्टी की मौजूदा स्थिति और पिछले एक वर्ष से पार्टी के भीतर रह-रहकर होने वाली चर्चाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के कथन को धामी सरकार विशेष रूप से मुख्यमंत्री के लिए बड़े संबल के रूप में देखा जा रहा है।

नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी ट्रेक रिकॉर्ड देखती है। प्रदेश में जन जीवन में कितना सुधार हुआ, यह पार्टी की प्राथमिकता में रहता है। राज्य सरकारों के लिए स्थिति को संभालने की चुनौती रहती है। मुख्यमंत्री धामी बेहतर ढंग से आगे बढ़ रहे हैं। उत्तराखंड पूरी तरह विकास के मोर्चे पर आगे बढ़ रहा है। आम जन जीवन में सुधार हुआ है। सरकार बेहतर ढंग से चल रही है। ऐसे में वह अगले विधानसभा चुनाव में भी निश्चित रूप से पार्टी का चेहरा होंगे।

भाजपा अध्यक्ष से पहले गत मार्च माह में प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनावी शंखनाद के साथ मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व को लेकर उठती चर्चओं को शांत कर चुके हैंं। अमित शाह के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हल्द्वानी में चुनावी सभा में समान नागरिक संहिता समेत धामी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को सामने रखकर यही संदेश दिया।

इसके बाद इसी माह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन प्रदेशों से जुड़े दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के लिए जिस प्रकार देहरादून पहुंचे, उसे मुख्यमंत्री धामी के प्रति उनके भरोसे से जोड़कर ही देखा गया। अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी यह साफ कर दिया कि उत्तराखंड में हैटट्रिक के दांव में मुख्यमंत्री धामी की भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है।