Uttarakhand News 29 July 2026: उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने स्मार्ट मीटर को उपभोक्ताओं की सुरक्षा से जोड़ते हुए नई सुविधा शुरू की है। अब स्मार्ट मीटर केवल बिजली की खपत मापने वाला उपकरण नहीं रहेगा, बल्कि घर के विद्युत तंत्र में अर्थ लीकेज होने पर उपभोक्ताओं को समय रहते सचेत भी करेगा। निगम ने ऐसी स्थिति में पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस अलर्ट भेजने की व्यवस्था लागू कर दी है।
यूपीसीएल के अनुसार यदि किसी घर की वायरिंग या विद्युत उपकरणों में अर्थ लीकेज होता है तो स्मार्ट मीटर इसे तुरंत पहचान लेगा। इसके बाद मीटर पर अर्थ लीकेज का संकेत दिखाई देगा और उपभोक्ता के मोबाइल पर तत्काल अलर्ट संदेश भेजा जाएगा। इससे उपभोक्ता समय रहते विद्युत वायरिंग और उपकरणों की जांच कराकर संभावित दुर्घटनाओं से बच सकेगा।
निगम का कहना है कि आधुनिक तकनीक से लैस यह सुविधा न केवल बिजली की अनावश्यक खपत को रोकेगी, बल्कि बिजली के झटके और आग लगने जैसी घटनाओं के जोखिम को भी काफी हद तक कम करेगी। यूपीसीएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि स्मार्ट मीटर पर अर्थ लीकेज का संकेत दिखाई दे या मोबाइल पर अलर्ट प्राप्त हो, तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत किसी योग्य इलेक्ट्रीशियन से जांच कराएं।
ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी के अनुसार उसका उद्देश्य केवल निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित, जागरूक और तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। निगम ने लोगों से स्मार्ट मीटर अपनाने और इसकी नई सुरक्षा सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
स्मार्ट मीटर के प्रमुख लाभ
अर्थ लीकेज का तत्काल पता लगने पर मीटर और मोबाइल पर तुरंत अलर्ट।
बिजली के झटके और विद्युत दुर्घटनाओं का खतरा कम होने में मदद।
वायरिंग में खराबी की समय रहते पहचान, जिससे आग लगने की आशंका घटती है।
अनावश्यक बिजली की खपत पर नियंत्रण, जिससे बिजली बिल कम रखने में मदद मिलती है।
मोबाइल अलर्ट के जरिए समय पर मरम्मत कराना आसान।
बिजली खपत की पारदर्शी निगरानी और बेहतर ऊर्जा प्रबंधन।
सुरक्षित और स्मार्ट जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली आधुनिक तकनीक।










