Uttarakhand News 18 June 2026: देहरादून के राजेश्वर नगर स्थित एक छात्रावास में रहने वाली छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गई।

गंभीर रूप से घायल छात्रा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है, जबकि उसके पिता ने इस पूरे मामले में हत्या के प्रयास की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। हॉस्टल में रहने वाली चार छात्राओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।

आगरा निवासी राहुल भगौर ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि उनकी पुत्री डेलिशा भगौर देहरादून के एक शैक्षणिक संस्थान में अध्ययनरत है। वह राजेश्वर नगर स्थित स्काईलाइन अपार्टमेंट फेज-1 के एक छात्रावास में रहती है।

न्यूरो आइसीयू में है छात्रा
चार जून की देर रात करीब साढ़े 12 से एक बजे के बीच उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी बेटी तीसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गई है। गंभीर रूप से घायल डेलिशा को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह न्यूरो आइसीयू में है।

स्वजन के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बेटी के साथ हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं की ओर से घटना के बाद दी जा रही जानकारी से असंतुष्ट पिता राहुल भगौर का कहना है कि उन्हें पूरे घटनाक्रम में कई बातें संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं।

उन्होंने पुलिस से मांग की है कि छात्रावास और उसके आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को सुरक्षित कर उसकी गहन जांच की जाए। साथ ही घटना के समय मौजूद सभी छात्राओं से अलग-अलग, स्वतंत्र और कैमरे के सामने बयान दर्ज किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार का दबाव या प्रभाव जांच को प्रभावित न कर सके।

शिकायत में राहुल भगौर ने कुछ छात्राओं का उल्लेख करते हुए आशंका व्यक्त की है कि उनकी बेटी को धक्का देकर नीचे गिराया गया हो। पुलिस ने चार छात्राओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।