Uttarakhand News 18 June 2026: हरिद्वार: एक युवक ने बालिका को खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची को तलाशते हुए उसकी बहन मौके पर पहुंची तो बच्ची बदहवास अवस्था में मिली। स्वजन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।

लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी 11 वर्षीय बेटी रविवार को घर के बाहर खेलने गई थी। वह गांव के सरकारी स्कूल के पास खेल रही थी।

इसी दौरान गांव का एक युवक वहां आया और बच्ची को मुंह बंद कर उसे निकट के गन्ने के खेत में ले गया। जहां आरोपित युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच बच्ची की मौसी की लड़की उसे तलाश करते हुए वहां पहुंची।

उसके आवाज लगाने पर बच्ची बदहवास अवस्था में खेत के बाहर निकली। घर पहुंचकर उसने स्वजन को युवक की करतूत की जानकारी दी। महिला ने आरोपित युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।

कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर पर आरोपित के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।