Uttarakhand News 18 June 2026: कौसानी पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत भोजगण गांव की 21 वर्षीय विवाहिता की मौत के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। पुलिस को मृतका के हाथ का लिखा एक भावुक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर अपने पति को जिम्मेदार ठहराया है। मृतका ने नोट में लिखा है कि उस पर बेवफाई और चरित्रहीन होने के झूठे आरोप लगाए गए, जिससे आहत होकर उसके सामने आत्मघाती कदम उठाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था।
बीते मंगलवार को भोजगण निवासी रूपा देवी (21) पत्नी अमित सिंह का शव मंगलवार को गांव में ही गोशाला के भीतर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था। परिजनों की सूचना पर पहुंची कौसानी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में मृतका की मां गीता देवी ने पहले ही गंभीर सवाल खड़े किए थे। अब पुलिस के हाथ लगे सुसाइड नोट में मृतका ने अपनी आखिरी पीड़ा बयां की है। रूपा ने लिखा है कि वह अपने घर की खुशहाली के लिए हर मंदिर गई और मन्नतें मांगीं, लेकिन जिस व्यक्ति से उसकी शादी हुई, उसी ने उस पर चरित्रहीन होने का कलंक लगा दिया। परिवार के अन्य लोगों ने भी उसे कभी सम्मान नहीं दिया और नौकरानी से अधिक कुछ नहीं समझा। इस मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उसने जीवन लीला समाप्त कर ली।
इस मामले में अभी तक मृतका के मायके पक्ष या किसी अन्य की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मौके से मिले सुसाइड नोट की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।










